मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं से पुलिस ने किया सीधा संवाद
महिला सुरक्षा को लेकर विजयनगर में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को अधिकारों और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी

गाजियाबाद। महिला सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली उपासना पाण्डेय के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक एवं मिशन शक्ति टीम ने थाना विजयनगर क्षेत्र में छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहना सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय समझदारी और आत्मविश्वास के साथ उसका सामना करना चाहिए। पुलिस ने छात्राओं से कहा कि संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या किसी प्रकार की परेशानी सामने आने पर तत्काल पुलिस की सहायता लें।
छात्राओं को अधिकारों की भी दी जानकारी
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों और पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें अपने कानूनी एवं सुरक्षा संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी को छिपाने के बजाय इसकी जानकारी अपने परिजनों और पुलिस को दें। समय पर सूचना मिलने से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है।
पुलिस बोली—जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार
पुलिस ने छात्राओं से कहा कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने आसपास की अन्य छात्राओं एवं महिलाओं को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और जरूरत के समय पुलिस सहायता लेने के प्रति भरोसा मजबूत करना रहा।



