प्रबंधन पर भ्रष्टाचार-अनियमिततओं के लगे आरोप

डी.आई.ओ.एस.को सौंपा ज्ञापन

जसवंतनगर,इटावा। जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला सलहदी के अध्यक्ष एवं प्रबंधक पर भ्रष्टाचार, अनियमितता,कथित फर्जी नियुक्ति,कूटरचित दस्तावेज तैयार करने तथा बिना चुनाव कराए विद्यालय की प्रबंध समिति पर अवैध रूप से कब्जा बनाए रखने के आरोप लगाते हुए साधारण सभा के सदस्यों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन देने वाले सदस्यों का कहना है कि वे विद्यालय संचालित करने वाली संस्था की साधारण सभा के सदस्य हैं। उनके अनुसार संस्था का पंजीकरण सोसायटी एक्ट के तहत वर्ष 1968- 69 में हुआ था और वर्ष 2020 से पांच वर्ष के लिए उसका नवीनीकरण किया गया था।

सदस्यों का आरोप है कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रबंध समिति का चुनाव न कराकर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। सदस्यों के मुताबिक उन्हें जानकारी मिली कि प्रबंध समिति का चुनाव 24 अगस्त 2025 को होना दर्शाया गया है,लेकिन साधारण सभा के सदस्यों को इसकी सूचना नहीं दी गई। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर चुनाव प्रक्रिया पूरी दिखाई गई। इसके अलावा प्रबंध समिति के सदस्यों के हस्ताक्षर के बिना फर्जी एवं कूटरचित प्रस्ताव पारित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन में विद्यालय की कृषि भूमि से प्राप्त होने वाली आय में भी कथित अनियमितता का आरोप लगाया गया है। सदस्यों का कहना है कि विद्यालय के नाम दर्ज भूमि को नियमानुसार किसी को दिए जाने से प्राप्त आय विद्यालय के खाते में जमा न कर कथित रूप से गबन किया जा रहा है। इसके अलावा सुरेंद्र कुमार नामक घरेलू नौकर के कथित कूटरचित शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर अवैध नियुक्ति कराने का भी आरोप लगाया गया है। सदस्यों का कहना है कि इससे योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन होने के साथ सरकारी धन के दुरुपयोग की स्थिति पैदा हुई है।

ज्ञापन में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जालसाजी,भूमि संबंधी अनियमितताओं और विद्यालय पर अवैध कब्जे के आरोपों की जांच कर प्रबंधक रामावतार शर्मा सहित दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही वर्तमान प्रबंध समिति को तत्काल भंग कर नियमानुसार चुनाव होने तक अधिकृत नियंत्रक नियुक्त करने तथा अब तक पारित प्रस्तावों को निरस्त करने की मांग की गई है।

ज्ञापन देने वालों में गोविंद पांडेय,लव पांडेय, जितेंद्र पांडेय, नरेंद्र कुमार,रामकुमार, कुलदीप बघेल,राजेश पांडेय,सतीश पांडेय,खेम सिंह और शिशुपाल सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button