लेखपालों की कलम बंद हड़ताल, अयोध्या में लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई का भरथना में विरोध

भरथना,इटावा। अयोध्या जिले की तहसील सोहावल में लेखपाल के खिलाफ हुई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर भरथना तहसील के लेखपालों ने शनिवार को एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन और विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी काव्या सी.को सौंपा।

ज्ञापन में लेखपाल संघ ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और गांव-गांव जाकर भूमि संबंधी विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। संघ का आरोप है कि कई बार भूमि विवाद या नियमविरुद्ध कार्य न करने पर संबंधित व्यक्ति अथवा दलाल लेखपाल से रंजिश रखने लगते हैं और निजी स्वार्थ के चलते उन्हें झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जाता है।

संघ ने 20 अगस्त को अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के साथ हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि प्रकरण से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के साथ ही शिकायत तथा प्री-ट्रैप प्रक्रिया की भी निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए।

लेखपाल संघ ने मांग की कि भविष्य में किसी भी लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि,संभावित रंजिश और शिकायत के उद्देश्य की जांच की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जिस कार्य को लेकर शिकायत की गई है,वह वास्तव में लेखपाल के अधिकार क्षेत्र में आता है या नहीं।

ज्ञापन में भ्रष्टाचार निवारण संगठन और विजिलेंस के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी जारी करने की मांग भी की गई। संघ ने कहा कि भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं किया जाता और यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगने या लेने का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए,लेकिन निर्दोष कर्मचारी को झूठी शिकायत या षड्यंत्र के जरिए फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

लेखपाल संघ ने अयोध्या प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराने तथा यदि किसी कर्मचारी को षड्यंत्रपूर्वक फंसाए जाने की पुष्टि होती है तो उसे न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही दुर्भावनापूर्ण शिकायत या नियमविरुद्ध कार्रवाई पाए जाने पर संबंधित लोगों और अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई।

इस मौके पर तहसील अध्यक्ष अजय यादव, तहसील मंत्री सुधीर चतुर्वेदी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामनरेश सिंह,कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुन्दर सिंह, उपमंत्री नेत्रपाल सिंह, कोषाध्यक्ष रीतू, लेखा परीक्षक श्रद्धा कमल समेत तहसील के लेखपाल मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button