राजनगर आरडीसी में बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र के पॉश और संवेदनशील इलाके आरडीसी राजनगर में शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। हेलमेट पहने बाइक सवार बदमाश ने मौका पाकर महिला के गले से चेन झपट ली और फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला शुक्रवार सुबह अपने घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान हेलमेट पहने एक बदमाश वहां पहुंचा और मौका मिलते ही महिला के गले से चेन झपट ली। महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही आरोपी बाइक से फरार हो गया। अचानक हुई वारदात से महिला घबरा गईं।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें हेलमेट पहने बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाश के आने और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
आरडीसी राजनगर जैसे पॉश इलाके में पुलिस कमिश्नरेट, जिलाधिकारी और जीडीए उपाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय और आवासीय क्षेत्र मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में सुबह के समय हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए घरों से निकलते हैं। ऐसे में पुलिस की प्रभावी गश्त होनी चाहिए। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध बाइक सवारों की जांच की मांग की है।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।



