NATO का सबसे बड़ा लूपहोल बेनकाब: तुर्की-पाक गठजोड़ पर भारत के पास खुली छूट, इज़राइल की रिपोर्ट से मची हलचल

NATO Article 5 loop hole: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को मिले तुर्की के खुले समर्थन को भारत भूला नहीं है। इस्लामाबाद और अंकारा की बढ़ती नजदीकियों के बीच अब इज़राइली खुफिया विश्लेषकों ने एक ऐसा कानूनी और रणनीतिक रास्ता उजागर किया है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों में भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। यह पूरा मामला नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन यानी NATO के सबसे ताकतवर नियम ‘आर्टिकल 5’ की सीमाओं से जुड़ा हुआ है।
नाटो आर्टिकल 5 की कानूनी सीमा और इज़राइल की खोज
इज़राइल के रणनीतिक विश्लेषकों ने नाटो के सामूहिक सुरक्षा ढांचे की बारीकी से समीक्षा की है। विश्लेषण के मुताबिक, नाटो का आर्टिकल 5 केवल सदस्य देशों की आधिकारिक भौगोलिक सीमाओं की रक्षा के लिए बाध्यकारी है। यदि तुर्की अपनी सीमाओं के बाहर—जैसे सीरिया या पाकिस्तान—में अपने सैनिक, एयरक्राफ्ट या सैन्य अड्डे तैनात करता है, तो वहां होने वाले किसी भी हमले पर नाटो का सामूहिक सुरक्षा कवच खुद-ब-खुद सक्रिय नहीं होगा। इसका सीधा मतलब यह है कि विदेशी धरती पर मौजूद तुर्की के सैन्य साजो-सामान नाटो की रक्षा गारंटी के दायरे से बाहर हैं।
सीरियाई एयरबेस पर कार्रवाई और टाइमिंग का खेल
इज़राइल हायोम की रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइल सीरिया में तुर्की की सैन्य मौजूदगी को रोकने के लिए प्री-एम्प्टिव यानी पूर्व-निवारक हमलों के विकल्प पर काम कर रहा है। हाल ही में सीरिया के अबू अल-दुहूर एयरबेस पर किए गए सिलसिलेवार आठ हवाई हमले इसी रणनीति का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। दमिश्क जब तुर्की सेना की तैनाती को मंजूरी देने की तैयारी में था, इज़राइल ने तुर्की सैनिकों के पहुंचने से पहले ही एयरबेस के रनवे और सैन्य ढांचे को नष्ट कर दिया। विश्लेषकों का मानना है कि जवानों की सीधी मौजूदगी से पहले बुनियादी ढांचे को खत्म करने से सीधे टकराव का जोखिम कम रहता है, और नाटो के दखल की संभावना भी न के बराबर रह जाती है।
भारत-पाकिस्तान तनाव में कैसे बदलेगा पूरा गणित
तुर्की लगातार पाकिस्तान को उन्नत हथियार, लड़ाकू ड्रोन और तकनीकी सहायता मुहैया करा रहा है। इसके साथ ही दोनों देश त्रिपक्षीय सुरक्षा समझौतों के जरिए आपसी रक्षा तालमेल बढ़ा रहे हैं। हालांकि, इज़राइल द्वारा रेखांकित की गई यह व्यवस्था भारत को एक बड़ा रणनीतिक लाभ देती है। यदि भविष्य में किसी तनाव या युद्ध की स्थिति में तुर्की अपने सैनिक, लड़ाकू विमान या सैन्य सलाहकार पाकिस्तानी धरती अथवा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में तैनात करता है, तो भारतीय सेना नाटो की जवाबी कार्रवाई के खतरे के बिना उन्हें सटीक निशाना बना सकती है।
क्या जेल से रिहा होने पर इमरान खान की मुनीर से टक्कर होगी, एक शर्त की वजह से मामला अटका
बिना नाटो टकराव के सीधा एक्शन लेने की रणनीतिक छूट
इज़राइली रणनीतिकारों का स्पष्ट तर्क है कि जब तक हमला तुर्की की मुख्य भूमि पर नहीं होता, तब तक नाटो के अन्य देशों के लिए जवाबी कार्रवाई में उतरना अनिवार्य नहीं है। यह कानूनी स्थिति भारत को अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और किसी भी तीसरे पक्ष की विदेशी सैन्य मौजूदगी को पूरी तरह बेअसर करने की कूटनीतिक और सामरिक आजादी देती है।



