रक्षाबंधन पर रोडवेज बस खराब हुई तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

250 अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की तैयारी, 25 अगस्त तक बसों के मेंटेनेंस की रिपोर्ट तलब

साहिबाबाद। रक्षाबंधन के पर्व पर यात्रियों, खासकर महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मार्ग पर रोडवेज बस खराब होने और इससे महिलाओं को परेशानी होने पर संबंधित डिपो के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने गाजियाबाद रीजन के सभी डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को बसों का समय रहते मेंटेनेंस कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन के दौरान बस खराब होने से महिलाओं को परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लेकर मुख्यालय स्तर से कार्रवाई की जाएगी।

250 अतिरिक्त फेरे बढ़ेंगे

रक्षाबंधन को देखते हुए गाजियाबाद रीजन के कौशांबी, साहिबाबाद, लोनी, हापुड़, सिकंदराबाद, बुलंदशहर और खुर्जा डिपो से रोडवेज बसों के करीब 250 अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की तैयारी है। इससे बहनों को भाइयों के घर जाने में परेशानी न हो और यात्रियों को पर्याप्त बसें उपलब्ध कराई जा सकें।

एमडी के निर्देश पर एसी बसों के एयर कंडीशनर, सामान्य बसों के इंजन, शीशे, इंडिकेटर समेत अन्य तकनीकी कमियों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराया जा रहा है। वर्कशॉप में खराब खड़ी बसों का भी मेंटेनेंस कर उन्हें संचालन के लिए तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी डिपो के एआरएम से बसों के मेंटेनेंस की रिपोर्ट 25 अगस्त तक फोटो के साथ मांगी गई है। इसके बाद 26 अगस्त से अतिरिक्त फेरे शुरू किए जाएंगे।

हवा-पानी और सफाई व्यवस्था भी होगी दुरुस्त

बस डिपो पर यात्रियों के लिए हवा-पानी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। खराब पंखों की मरम्मत कराने, वाटर कूलर चालू रखने और डिपो परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने को कहा गया है।

किस डिपो की कितनी बसें आरक्षित

कौशांबी: 45 बसें
साहिबाबाद: 45 बसें
लोनी: 35 बसें
हापुड़: 30 बसें
सिकंदराबाद: 30 बसें
बुलंदशहर: 30 बसें
खुर्जा: 30 बसें

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि रक्षाबंधन से पहले सभी बसों की तकनीकी कमियां दूर कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ मुख्यालय स्तर से कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button