गनपत सहाय महाविद्यालय में धूम धाम से मनाया गया 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस

सुल्तानपुर। स्थानीय गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, धूमधाम और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ ओम प्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’, विशिष्ट अतिथि मुन्नालाल जायसवाल और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो अंग्रेज सिंह द्वारा झंडारोहण किया गया और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत हुआ। महाविद्यालय के एन.सी.सी. कैडेट्स ने अनुशासित मार्च पास्ट कर तिरंगे को सलामी दी। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती, माँ भारती, महाविद्यालय के संस्थापक युगपुरुष बाबू गनपत सहाय एवं कर्मयोगी पंडित राम किशोर त्रिपाठी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
मंचस्थ अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के पश्चात संगीत विभाग द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा शिक्षा निदेशक, उच्च शिक्षा के संदेश का वाचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बौद्धिक व काव्य गोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें पूर्व प्राचार्य ए.के. मिश्र एवं प्रो. नीलम तिवारी ने अपने प्रभावशाली वक्तव्य में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग को याद करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया तथा डॉ. आलोक रावत, डॉ. एस.पी. मिश्र एवं डॉ विनोद कुमार उपाध्याय ने अपनी राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महाविद्यालय के संगीत विभाग के द्वारा डॉ मौसम गुप्ता के निर्देशन में छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के तरानों से गुंजायमान हो उठा। मुख्य अतिथि डॉ ओम प्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’ द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सकारात्मक ऊर्जा से कार्य करने के लिए सभी का आवाह्न किया और युवाओं को देश विरोधी ताकतों द्वारा फैलाए जा रहे नकारात्मकता से बचने की सलाह दी क्योंकि आज युवा ही देश का भविष्य है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य द्वारा देश को विकसित बनाने में युवाओं एवं शिक्षकों की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी को अपने अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करना होगा। मंच पर अन्य गणमान्य महानुभावों में श्रीमती लीना सिंह तथा मुख्य परिसर के प्रभारी प्रो. मो. शाहिद की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का कुशल एवं ओजस्वी संचालन डॉ विष्णु शंकर अग्रहरि द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की समस्त इकाईयों के संयुक्त तत्वावधान में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत देश को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में मिष्ठान्न एवं सूक्ष्म जलपान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।



