गंदगी से पटी नालियां: बीमारी फैलने की आशंका

जसवंतनगर,इटावा। ग्राम पंचायत चाँदनपुर में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की कई नालियां गंदगी और कचरे से पूरी तरह पटी पड़ी हैं। इससे नालियों का पानी सड़क और आसपास जमा होने के साथ ही दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका जताते हुए नियमित सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीण सुनील कुमार, श्याम सुंदर और गणेश शाक्य ने बताया कि गांव में तैनात सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने नहीं आता है। आरोप है कि कई बार दो-दो महीने तक सफाई कर्मी गांव में दिखाई नहीं देता। इसके चलते नालियों में कूड़ा-कचरा जमा होकर पानी का बहाव बाधित हो गया है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव होने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने पंचायत और संबंधित अधिकारियों से नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि रोजाना सफाई संभव न हो तो कम से कम सप्ताह में एक बार सफाई कराई जाए।
इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने बताया कि सफाई कर्मियों को भेजकर जल्द ही गांव की नालियों की सफाई करा दी जाएगी l



