खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने परखी एमडीएम की गुणवत्ता
प्राथमिक विद्यालय गोरा बाजार का किया औचक निरीक्षण, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता मिली बेहतर

रायबरेली। बच्चों के स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण पोषण को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सरकारी विद्यालयों में परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के प्राथमिक विद्यालय गोरा बाजार का औचक निरीक्षण करके भोजन की गुणवत्ता परखी और सैंपल भरा।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी उदयराज मौर्य और सुमांसू सचान ने बच्चों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की स्वच्छता, पकाने की जगह और इस्तेमाल की जा रही सामग्रियों का गहनता से जायजा लिया। इसके साथ ही भोजन की गुणवत्ता की मानक जांच के लिए मौके से नमूने (सैंपल) भी संग्रहित किए गए। विद्यालय प्रभारी गायत्री यादव ने बताया कि बुधवार का दिन होने के कारण आज भोजन में तहरी बनीं थी और बच्चों को दूध दिया गया था।
अधिकारियों को प्राथमिक जांच और निरीक्षण में विद्यालय का मध्यान्ह भोजन तय मानकों के अनुरूप और गुणवत्ता में बेहतर पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने विद्यालय की प्रधानाध्यापक और रसोइयों को आगे भी इसी प्रकार स्वच्छता और पौष्टिकता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को हमेशा सुरक्षित व स्वास्थ्यवर्धक भोजन मिलता रहे।



