जोशी-भड्डरी समाज का विशाल धरना प्रदर्शन
पिछड़ा वर्ग में आरक्षण की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

इटावा। उत्तर प्रदेश के पिछड़े वर्ग में शामिल किए जाने और संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर जोशी भड्डरी महासभा रजि. उत्तर प्रदेश के बैनर तले जनपद मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने एकजुट होकर सरकार से जोशी-भड़ुड़ी समाज को पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल कर आरक्षण का लाभ देने की मांग उठाई तथा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
धरना स्थल पर लगाए गए बैनरों के माध्यम से विमुक्त, घुमंतु एवं अर्धघुमंतु समाज को भारतीय संस्कृति, धरोहर और विरासत का अभिन्न हिस्सा बताते हुए उनके सामाजिक एवं संवैधानिक अधिकारों की आवाज बुलंद की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाज लंबे समय से सामाजिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से संबंधित आयोग की रिपोर्ट के आधार पर जोशी, जोशी, भड्डरी, भटरी, भड़री, भट्टी, भतरी, डाकोटा, डकोचा, ज्योतिषी आदि समाजों को पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल करने की मांग की। यह भी कहा कि आरक्षण मिलने से समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा सरकारी योजनाओं में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हमारा अधिकार, हमारी पहचान सहित विभिन्न नारों के साथ अपनी मांगों को मजबूती से उठाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की मौजूदगी रही। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



