गंगासागर धाम से डाक कांवड़ यात्रा रवाना
भोले की भक्ति में निकले कांवड़िए

भरथना,इटावा। श्रावण मास में भगवान शिव की भक्ति का उल्लास चरम पर है। सोमवार को भरथना बकेवर स्थित मार्ग पर ओम श्री पागल बाबा गंगासागर धाम, मोढ़ी से डाक कांवड़ यात्रा को विधिवत रवाना किया गया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
डाक कांवड़ यात्रा को ओम श्री पागल बाबा गंगा सागर धाम ट्रस्ट के मुख्य न्यासी पीठाधीश्वर श्याम सुन्दर दास (भईया जी) ने रवाना किया। यात्रा में शामिल कांवड़िए पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से पहले धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की गई।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से यात्रा के सकुशल और निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। यात्रा के दौरान शिवभक्तों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
पागल बाबा गंगासागर धाम से निकली डाक कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।



