कोर्ट पर जोश का जलवा, यूपी बास्केटबॉल लीग के दूसरे दिन रोमांच चरम पर

तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रोमांचक जीत ने दर्शकों में भरा उत्साह

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में मेजबान नेहरू वर्ल्ड स्कूल, गाजियाबाद परिसर में 5 से 11 अगस्त तक आयोजित उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल लीग के द्वितीय संस्करण में मुकाबलों का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। 7 अगस्त की शाम प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया था।

लीग के दूसरे दिन मुख्य अतिथि डी.एस. चौहान, आईपीएस, सेवानिवृत्त डायरेक्टर जनरल, उत्तर प्रदेश तथा संजय सिंघल, डायरेक्टर जनरल, एसएसबी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक-प्रशासक के.पी. सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया।

अलीगढ़ ड्रिब्लर्स ने मेरठ को दी मात

8 अगस्त को लीग में तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में शुभम स्मैशर्स, मेरठ और अलीगढ़ ड्रिब्लर्स, अलीगढ़ के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंत में अलीगढ़ ड्रिब्लर्स ने 86-82 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गाजियाबाद की टीम ने दर्ज की शानदार जीत

दूसरे मुकाबले में ट्रिपल टैक वॉरियर्स, गाजियाबाद ने देवभूमि लायंस, रामपुर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। गाजियाबाद की टीम ने आक्रामक खेल के साथ मजबूत रक्षात्मक रणनीति अपनाते हुए 101 अंक हासिल किए, जबकि रामपुर की टीम 87 अंक ही बना सकी। ट्रिपल टैक वॉरियर्स ने 14 अंकों से मुकाबला जीतकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

शुभम स्मैशर्स ने हापुड़ को हराया

तीसरे मुकाबले में जेएमएस योद्धा, हापुड़ और शुभम स्मैशर्स, मेरठ के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने आक्रामक और रक्षात्मक खेल का बेहतरीन तालमेल दिखाया। रोमांचक मुकाबले में शुभम स्मैशर्स, मेरठ ने 85-74 से शानदार जीत दर्ज की।

लीग के मुकाबले लगातार जारी हैं। 9 अगस्त को भी शाम 4:30 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और कोर्ट पर बढ़ते रोमांच ने बास्केटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह पैदा कर दिया है।

Related Articles

Back to top button