बीच-बचाव में युवक पर पांच राउंड फायरिंग

मारपीट में युवक को बनाया निशाना,फायरिंग से मची अफरा-तफरी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कुरसेना में सर्विस रोड पर मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर तमंचे से पांच राउंड फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कुरसेना निवासी शरीफ अली पुत्र सूबेदार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह परिचित सुनील कुमार के साथ कुरसेना रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान मोहित पुत्र रमेश चंद्र और गुलशन पुत्र दिनेश चंद्र निवासी मदनपुरा के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे थे। दोनों को बचाने के लिए शरीफ ने बीच-बचाव किया।

आरोप है कि इससे नाराज होकर कुरसेना निवासी साहिल उर्फ रोमियों पुत्र ताज अली उर्फ छोटे,निशांक उर्फ नीलू पुत्र वीरबल निवासी नगला खुशाल (नगला नकटिया), थाना करहल, मैनपुरी और आनंद पुत्र बलराम निवासी नगला अतिराम,थाना करहल, मैनपुरी ने शरीफ के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर साहिल उर्फ रोमियों ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से पांच राउंड फायर कर दिए। गोलियां चलने से मौके पर भगदड़ मच गई।

पीड़ित का आरोप है कि फायरिंग करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। शरीफ ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी l

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि फायरिंग में नामजद साहिल उर्फ रोमियों को पुलिस ने करीब आठ दिन पहले अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से रिहाई के बाद उसने कथित तौर पर ‘सनकी रोमियो’ नाम से एक ग्रुप बनाया और दहशत फैलाने की कोशिश की।

सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष कमल भाटी ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button