झमाझम बारिश से राहत:केई जगह जलभराव से बढ़ी परेशानी

भरथना,इटावा। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन महज कुछ देर की तेज बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत भी उजागर कर दी।
प्रमुख सड़कों, सरकारी परिसरों और कई मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगर की जवाहर रोड, मोतीगंज और पुराना भरथना सहित कई प्रमुख मार्गों पर बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई।
जवाहर रोड स्थित बीआरसी परिसर तथा पुराना भरथना स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में भी जलभराव की तस्वीरें सामने आईं। परिसर में पानी भरने से वहां आने-जाने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
ब्रजराज नगर, सिंधी कॉलोनी, महावीर नगर, गांधी नगर, इंदिरा नगर और लोहिया नगर समेत कई मोहल्लों की गलियां भी पानी में डूब गईं। जलभराव के कारण लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
बारिश का पानी निचले इलाकों में स्थित कई घरों में घुस गया। इससे गृहस्वामियों को बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से पानी बाहर निकालना पड़ा। कई घरों में घंटों तक पानी भरा रहने से लोगों को घरेलू कामकाज में भी परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। लोगों ने नगर पालिका से नालों की नियमित सफाई और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।



