सर्वाइकल कैंसर से बचाव की कवायद तेज, किशोरियों को लग रही एचपीवी वैक्सीन

जसवंतनगर,इटावा।किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसवंतनगर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह टीका पूरी तरह निःशुल्क लगाया जा रहा है।
सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ.वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग की सभी किशोरियों का समय पर टीकाकरण कराया जाना आवश्यक है,ताकि भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सके।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को स्वास्थ्य केंद्र अथवा निर्धारित टीकाकरण स्थल पर लेकर आएं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह अभियान किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विभाग ने लोगों से स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग कर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।



