सड़क हादसों में छह गंभीर घायल
तीन बाइक सवार और ट्रक चालक सैफई पीजीआई रेफर

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
पहला हादसा थाना जसवन्तनगर क्षेत्र के बलरई मार्ग पर गांव ज्वालापुर की मड़ैया के सामने रविवार दोपहर हुआ। यहां तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों बाइक चालकों समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक पांच वर्षीय मासूम और दो महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, बिना नंबर की पल्सर बाइक पर बहादुरपुर निवासी 24 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र बालकराम अपनी भाभी रेशमा पत्नी राजीव कुमार तथा पांच वर्षीय भतीजे अंश के साथ बाजार जा रहा था। वहीं दूसरी ओर डीलक्स बाइक से नगला सलहदी निवासी कृष्णा पुत्र नारायण अपनी मां सोनम के साथ बाजार से गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। आमने-सामने आने पर चालक वाहन नियंत्रित नहीं कर सके और जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सभी पांच लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों चालक और मासूम को सैफई रेफर कर दिया। उपनिरीक्षक ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
दूसरा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव नगला कन्हई के सामने हुआ। राजस्थान के डींग निवासी 40 वर्षीय ट्रक चालक आबिद पुत्र अशीन मध्यप्रदेश के सतना से ट्रांसफार्मर लादकर दिल्ली जा रहे थे। चालक के अनुसार, आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इससे पहले कि वह ट्रक नियंत्रित कर पाते, उनका वाहन कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराया।
हादसे में ट्रक चालक आबिद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। सीएचसी स्टाफ के अनुसार चालक के चेहरे में कांच के कई टुकड़े घुस गए हैं तथा शरीर पर भी गंभीर चोटें आई हैं।



