बुनियादी साक्षरता व संख्या ज्ञान पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का डायट में हुआ समापन

सुल्तानपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, सुलतानपुर में निपुण भारत मिशन के अन्तर्गत बुनियादी साक्षरता व संख्या ज्ञान( एफ.एल.एन.)पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी / प्राचार्य डायट उपेन्द्र गुप्ता ने समापन अवसर पर सभी संदर्भदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण सभी को ब्लाक स्तर पर सभी शिक्षकों व शिक्षामित्रों को देना है, इसलिए आप सभी प्रशिक्षण माड्यूल व पीपीटी का अध्ययन करके शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करे।

प्राचार्य ने सभी संदर्भदाताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि ब्लाक स्तर पर प्रशिक्षण को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करें जिससे सभी बच्चों में समझ के साथ पठन, लेखन, जोड़, घटाव, गुणा व भाग करने की दक्षता अनिवार्य रूप से विकसित हो जाए ।विद्यालय में निपुण लक्ष्य का पोस्टर डिस्प्ले करने व कैच अप शिक्षण के अनुपालन का निर्देश दिया। प्रशिक्षण प्रभारी एवं डायट प्रवक्ता डा. हरिओम त्रिपाठी ने प्रशिक्षण की रुपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि इस वर्ष कक्षा चार में एन.सी.ई.आर.टी.की हिन्दी पुस्तक वीणा,गणित की गणित मेला व अंग्रेजी की पुस्तक संतूर लागू की गई है। उन्होंने कक्षा 4 हिन्दी की पुस्तक वीणा की प्रमुख थीम पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया इस पुस्तक में कहानी, कविता, पहेली, पत्र लेखन, संस्मरण आदि को बच्चों के परिवेश/ अनुभव को आधार बनाकर बेहतर ढंग से रखा गया है।

आपने बताया कि इस प्रशिक्षण में हिंदी, गणित व अंग्रेजी विषय पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण निर्धारित सत्रों के आधार पर संचालित किया गया। डायट प्रवक्ता राजीव कुमार सिंह ने गणित में स्थानीय मान पर समझ विकसित करते हुए बताया कि इसका बोध होने से बच्चे संख्या को पढ़ते हुए जोड़, घटाव को आसानी से कर लेंगे। जिला समन्वयक प्रशिक्षण अपेक्षा त्रिपाठी ने बताया कि बच्चों के पठन- पाठन को बेहतर करने के लिए शिक्षक संदर्शिकायें विद्यालयों में भेजी जा रही हैं।

आपने कक्षा शिक्षण में शिक्षक संदर्शिका व प्रिंट रिच मटेरियल के प्रयोग का सुझाव दिया। मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पाण्डेय ने कक्षा 4 गणित मेला पर चर्चा करते हुए बताया कि इस पुस्तक में कुल 15 पाठ रखे गये हैं। आपने बताया गणित की इस पुस्तक में गिनना,संख्या ज्ञान, आकृतियों की पहचान, जोड़, घटाव, गुणा, भाग, कलेण्डर, घड़ी में समय देखना आदि दक्षताओं को बच्चे संवाद, खेल व अभ्यास विधि से सीख पायेंगे। मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार सिंह ने एन.सी.ई.आर.टी. की हिन्दी पुस्तक वीणा व अंग्रेजी पुस्तक में दिए गए अभ्यास पत्रक पर डेमो देते हुए प्रतिभागियों को भी अभ्यास का अवसर दिया।

मास्टर ट्रेनर अरविंद गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को ज्ञान समीक्षा एप को डाउनलोड कराने, खुले छोर के प्रश्न पूछने व संतूर पुस्तक के विषयवस्तु पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण की व्यवस्था देख रहे मनीष तिवारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण दो फेरों में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में डायट प्रवक्ता शरद चतुर्वेदी,दिलीप कुमार,शैलेष मौर्य, अजय कुमार, प्रियंका सिंह, शशांक शेखर सिंह, विजय कुमार,संतोष कुमार, अजय कुमार,राकेश मिश्रा तथा प्रथम संस्था से ममता ने सक्रिय सहयोग किया।

Related Articles

Back to top button