ब्लॉक मे भरा बरसात का पानी: हुआ दुर्दशा का शिकार

ब्लॉक परिसर के बाहर नालियां जाम,अतिक्रमण का कब्जा

भरथना,इटावा। भरथना विकास खण्ड कार्यालय से सटे ग्राम कुंवरा में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था ने ग्रामीणों के साथ-साथ ब्लॉक परिसर में आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ब्लॉक परिसर से लेकर ब्लॉक के पीछे स्थित प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली नाली लंबे समय से जाम पड़ी है। महीनों से सफाई नहीं होने के कारण नाली गंदगी और कचरे से अटी पड़ी है। ऊपर से नाली के आसपास और उसके ऊपर किए गए अतिक्रमण ने जल निकासी की समस्या को और गंभीर बना दिया है। बरसात होते ही नालियां ओवरफ्लो होकर सड़क और आसपास के क्षेत्र में पानी उगलने लगती हैं, जिससे बरसात का पानी अब ब्लॉक परिसर तक पहुंच रहा है।

जलभराव के कारण ब्लॉक परिसर में आने वाले ग्रामीणों और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई नहीं कराई गई और अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकट हो सकती है। लगातार जमा पानी के चलते गंदगी और दुर्गंध से आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से तत्काल नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। वहीँ जिम्मेदार ग्राम सचिव भी अपनी जिम्मेदारी से बचते हुए नजर आ रहे है।

नाली की बदहाल स्थिति के पीछे सिर्फ सफाई का अभाव ही नहीं,बल्कि अतिक्रमण भी बड़ी वजह बनकर सामने आया है। नाली के दोनों ओर जगह-जगह बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं,वहीं, कई लोगों ने नाली के ऊपर और उसके आसपास अवैध कब्जा कर रखा है। कुछ लोगों ने अपने पशुओं को बांधने के लिए नाली के ऊपर ही झोपड़ियां तक बना ली हैं। इससे नाली की सफाई और पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो रही है। अतिक्रमण के चलते नाली सिकुड़ती जा रही है और बरसात का पानी आगे निकलने के बजाय ओवरफ्लो होकर आसपास फैल रहा है।

मामले को लेकर ग्राम सचिव अवनीश यादव ने बताया कि नाली की सफाई के लिए अभी तक इस्टीमेट तैयार नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रशासक की नियुक्ति हुई है। जिसके चलते कई कार्यों की जिम्मेदारियां तय करने में भी समस्या आ रही थी। इसी वजह से नालियों की सफाई का कार्य नहीं कराया जा सका।

वहीं,खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद ने बताया कि नाली जाम होने का मामला हाल ही में उनके संज्ञान में आया है। जानकारी मिलते ही नाले की सफाई का काम शुरू करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आखिरकार अब तक नालियों की सफाई क्यों नहीं कराई गई,इसकी भी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण के मामले को भी गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जाएगी। जांचोपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button