अंधे कुएं में गिरी गाय: तीन घंटे चला रेस्क्यू

नहीं बच सकी हाय की जान

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला तौर से सरामई जाने वाले पुराने मार्ग पर स्थित एक अंधे कुएं में सोमवार को घास चरते समय गांव निवासी दिलीप राजावत की गाय गिर गई। सूचना मिलते ही यूपी-112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से गाय को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस,फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया,लेकिन काफी गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण गाय को जीवित बाहर नहीं निकाला जा सका। काफी प्रयासों के बाद जब गाय तक पहुंचा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद ग्रामीणों में दुख और नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई पुराने और खुले अंधे कुएं आज भी हादसों को दावत दे रहे हैं। इनकी वजह से आए दिन पशु और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ती है।

ग्रामीणों दिलीप,विवेक, राहुल,आनंद,गोलू,रामू, रिंकू,मोनू,योगेश,रमेश, पप्पू,आदि ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्रीय लेखपालों के माध्यम से ऐसे सभी परित्यक्त और अंधे कुओं का सर्वे कर उनका सीमांकन कराया जाए। साथ ही उन्हें मिट्टी से भरवाकर बंद कराया जाए या फिर उनके आसपास सुरक्षा घेरा और चेतावनी संबंधी बोर्ड लगाए जाएं,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related Articles

Back to top button