युवती को सांप ने डसा: सैफई पीजीआई रेफर, कमरे में सफाई के दौरान सांप ने किया हमला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परसौआ निवासी 20 वर्षीय पूनम पुत्री शत्रुघ्न सिंह बुधवार को अपने घर के कमरे में झाड़ू लगाकर सफाई कर रही थी। इसी दौरान कमरे में छिपे सांप ने उसे डस लिया,जिससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
घटना के बाद परिजन तत्काल पूनम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसवंतनगर लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
विवाहिता ने खाया विषाक्त पदार्थ: हालत गंभीर

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम निजामपुर में सोमवार देर शाम 35 वर्षीय सरोज देवी पत्नी मनोज कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर पुत्र कुनाल ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। विवाहिता ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया,इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।



