ब्रह्माणी देवी मेले की सुरक्षा चाक-चौबंद, अफसरों ने परखी तैयारियां

जसवंतनगर,इटावा। यमुना नदी की तलहटी में स्थित प्राचीन ब्रह्माणी देवी मंदिर में आयोजित लख्खी मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी,एसडीएम अभिषेक प्रताप और क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने पीएसी एवं पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मंदिर के पुजारियों व प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित किया और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम अभिषेक प्रताप ने बताया कि दर्शनार्थियों के लिए मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था बनाई गई है। पुलिस के ड्यूटी प्वाइंट चिन्हित कर तैनाती की गई है,जबकि लेखपालों की भी ड्यूटी लगाई गई है। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई,पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई गई हैं।
मेले के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं,जिनसे पूरे मेले की निगरानी की जाएगी। पार्किंग,बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी,ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में दर्शन का अवसर मिल सके।



