सरस्वती विद्या मन्दिर विवेकानन्द नगर में शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
छात्र संसद एवं कन्या भारती ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ।

सुलतानपुर| देश की लोकतांत्रिक प्रणाली का अनुसरण करते हुए सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज विवेकानंद नगर सुलतानपुर में संसदीय प्रणाली के अनुरूप छात्र संसद एवं कन्या भारती का विधिवत गठन किया गया।इसी क्रम में गुरुवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुलतानपुर जनपद के वरिष्ठ स्वयं सेवी सामाजिक कार्यकर्ता इंजीनियर रूपेश सिंह तथा बतौर विशिष्ट अतिथि सरस्वती विद्या मन्दिर सिरवारा मार्ग के प्रधानाचार्य युगल किशोर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ । वरिष्ठ आचार्य अनिल पाण्डेय ने अतिथि परिचय कराया। प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने विद्यालय अनुशासन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले छात्र सांसद के छात्र और कन्या भारती की छात्राओ का पर्यावरण संरक्षण हेतु आह्वान करते हुए कहा कि वे विद्यालय में प्लास्टिक के प्रयोग को प्रतिबंधित करने का संकल्प लें।
तथा पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वृक्षारोपण कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। इससे पूर्व प्रधानमंत्री छात्र -छात्राओ को प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने शपथ दिलाई। छात्र संसद के छात्र को मुख्य अतिथि इंजीनियर रूपेश सिंह और कन्या भारती की छात्रा को विशिष्ट अतिथि युगल किशोर द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित छात्र सांसदों एवं छात्र -छात्राओ से कहा कि आज ही स्वराज की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले,लोकतंत्र के प्रबल पक्षधर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक की जयंती है।हमें उनसे प्रेरणा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन आचार्य सूरज सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओ ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
छात्र संसद प्रमुख धनंजय पाण्डेय ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कन्या भारती की प्रमुख आचार्या प्रांजलि पाण्डेय,संजीव चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी,श्रद्धा सिंह,रिंशू सिंह,शशी द्विवेदी तथा ज्योति त्रिपाठी सहित विद्यालय के अन्य आचार्य बन्धु /भगिनी और छात्र/छात्राएं उपस्थित रहे।



