भक्ति, संस्कृति और सेवा का भव्य संगम बना श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का वार्षिक महोत्सव

गाजियाबाद। एम.आर. गोल्डन फार्म हाउस, वेव सिटी मेन गेट के निकट मंगलवार को श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर का वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं वार्षिक उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
महोत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना एवं भक्ति संगीत से हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, नाट्य मंचन और देशभक्ति कार्यक्रमों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण और “जय श्री राम” व “जय बजरंगबली” के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नारायण अन्न सेवा के माध्यम से आयोजित विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से सेवा, मानवता और सनातन संस्कृति का संदेश भी समाज तक पहुंचाया गया।
इस अवसर पर क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सेवा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का अगला प्रमुख लक्ष्य 108 मंदिर रिनोवेशन प्रोग्राम को शीघ्र पूरा करना है, ताकि देशभर के प्राचीन एवं जीर्ण-शीर्ण मंदिरों का संरक्षण और पुनरुद्धार कर सनातन विरासत को सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने समाज के श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि मंदिरों का पुनरुद्धार केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हमारी आस्था, इतिहास और संस्कृति के संरक्षण का अभियान है।
महोत्सव का समापन दिव्य महाआरती के साथ हुआ। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, कलाकारों, स्वयंसेवकों,और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
यह भव्य आयोजन एक बार फिर इस बात का प्रमाण बना कि जब समाज आस्था, सेवा और संस्कृति के लिए एकजुट होता है, तो धार्मिक आयोजन जनजागरण और सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम बन जाते हैं।



