धनुष भंग से गूंजा रामलीला का मंच
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने फीता काटकर मंचन का किया शुभारंभ

ताखा,इटावा। कस्बे में चल रही आठ दिवसीय रामलीला के चौथे दिन रविवार रात धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। रामलीला शुरू होने से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता सहित भाजपा के कई नेता रामलीला पंडाल पहुंचे। इस दौरान रामलीला कमेटी के सदस्यों ने भाजपा जिलाध्यक्ष का माला पहनाकर स्वागत किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने फीता काटकर रामलीला कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंच पर धनुष यज्ञ, रावण-बाणासुर संवाद, जनक मिलन,सीता विवाह तथा लक्ष्मण-परशुराम संवाद का प्रभावी मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं दर्शकों ने देर रात तक रामलीला का आनंद लिया।
रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का मंचन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। वहीं रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के दृश्यों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। पूरे पंडाल में धार्मिक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जितेंद्र गौड़,सुधीर कौशल,संयोजक संतोष कुमार,सुनील कुमार गुप्ता उर्फ लालू गल्ला आढ़ती, पूर्व प्रधान राजीव गुप्ता, चंदन बाबू सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।



