लाखों के गबन में पूर्व डाकपाल पर रिपोर्ट दर्ज: जांच शुरू

भरथना,इटावा। उपमंडल के बेर शाखा डाकघर में सरकारी धन के कथित गबन के मामले में भारतीय डाक विभाग की तहरीर पर भरथना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभागीय जांच में 28 लाख 25 हजार 975 रुपये के सरकारी धन के गबन का मामला सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
निरीक्षक डाकघर भरथना उपमंडल प्रमोद मीना (निवासी उमरेह,थाना बाड़ी,जिला धौलपुर, राजस्थान) द्वारा कोतवाली भरथना में दी गई तहरीर में बताया गया कि बेर शाखा डाकघर के तत्कालीन शाखा डाकपाल हिमांशु सक्सेना,पुत्र मिथलेश चंद्र सक्सेना,निवासी ग्राम समनपुर,थाना बसरेहर, जनपद इटावा,ने 1 अगस्त 2023 से 15 जनवरी 2026 के बीच शाखा डाकपाल के पद पर कार्य करते हुए सरकारी धन का कथित रूप से दुर्विनियोजन किया।
विभागीय जांच के अनुसार आरोपी ने 21 बचत खातों से 6 लाख 89 हजार 500 रुपये तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खातों से संबंधित 21 लाख 36 हजार 475 रुपये सरकारी खाते में जमा नहीं किए। इस प्रकार कुल 28 लाख 25 हजार 975 रुपये के गबन का मामला सामने आया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपी की भूमिका सामने आने पर डाक विभाग ने उसे सेवा से बर्खास्त (सेवावारित) कर दिया। डाक विभाग ने जांच रिपोर्ट,सेवा से पृथक्करण संबंधी अभिलेख और अन्य दस्तावेजों के साथ आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोतवाली भरथना में तहरीर दी थी।
कोतवाली भरथना पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



