न्यायालय से मिला कब्जा दबंगों ने फिर किया कब्जा
पुनः कब्जा करने में 8 नामजद 5 अज्ञात पर केस दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भैसान में न्यायालय के आदेश से दिलाए गए भूमि कब्जे पर अगले ही दिन दोबारा अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो बायरल हो रहा है जिसकी स्टार एक्सप्रेस समाचार पत्र पुष्टि नहीं करता है पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम भैसान निवासी ज्ञान सिंह पुत्र जयलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी गाटा संख्या 473/0.405 हेक्टेयर भूमि पर 8 जुलाई 2026 को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कब्जा दिलाया था। इस दौरान भूमि की मेड़ बनाकर खूंटियां लगाई गई थीं और मौके पर उसका कब्जा सुनिश्चित कराया गया था।
आरोप है कि गुरुवार सुबह आशाराम,मुन्नीलाल,रमेश, रामवीर,पंकज कुमार,विमलेश कुमारी,कनेंद्र कुमार,दिलासाराम समेत पांच अज्ञात लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए न्यायालय के आदेश के तहत लगाई गई मेड़ व खूंटियां उखाड़ दीं और दोबारा भूमि पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए पुनः कब्जा कर लिया है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



