भरथना में नुमाइश प्रदर्शनी की तैयारियां जोरशोर से शुरू
क्षेत्रवासी इस बार फिर एक साथ दो-दो मेलों का उठाएंगे लुफ्त

भरथना,इटावा। भरथना में आगामी दिनों में लगने वाली दो-दो प्रदर्शनी में नगर व क्षेत्रवासी अपनी घर गृहस्थी के सामान की खरीद फरोख्त कर सकेगें। साथ ही बच्चे-युवा विभिन्न आकर्षक झूलों, मनोरंजन शो सहित रेस्टोरेंट में व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ सॉफ्टी आइसक्रीम-खजला की मिठास का आनन्द लेगें। करीब डेढ माह तक संचालित रहने वाली प्रदर्शनी में एक का शुभारम्भ 10 जुलाई तो दूसरी प्रदर्शनी का शुभारम्भ 20 जुलाई को होगा।
विगत वर्षोें की भाँति इस वर्ष भी कस्बा के मुहल्ला जवाहर रोड स्थित एसएवी इण्टर कालेज के क्रीडास्थल के सामने सिन्धी समाज के मिल में ग्रामीण श्रावण मेला/प्रदर्शनी लगने जा रही है। दुकानदारों द्वारा जिसकी तैयारियां जोर-शोर से की जा रही है। उक्त प्रदर्शनी मेला का शुभारम्भ आगामी 10 जुलाई, 2026 को होना प्रस्तावित है। घर गृहस्थी समेत जरूरत के सामान की आपूर्ति व मनोरंजन का केन्द्र बनी नुमाइश में इस बार सुपर ड्रैगन ट्रेन, आसमानी,नाव, ब्रेक डांस, नैनो कार, मिनी ट्रेन, मिक्की माउस, जम्पिंग, जलपरी, बच्चों के अन्य झूले प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहेगें। साथ ही आइसक्रीम स्टॉल, रेस्टोरेंट, कपडा के अलावा खेल-खिलौने, घर गृहस्थी का उपयोगी सामान, श्रृंगार आदि की दुकानों से नगर व क्षेत्रवासी खरीद फरोख्त कर सकेगें। वहीं सॉफ्टी व खजला की मिठास भी चखेगें। ठेकेदार टीपू यादव, धीरज जैन, आशिफ खान, आनन्द अवस्थी आदि ने बताया कि उक्त प्रदर्शनी का शुभारम्भ प्रदेश सरकार में मंत्री प्रतिभा शुक्ला के करकमलों द्वारा किया जायेगा।
वहीं दूसरी नुमाइश पं0 दीनदयाल उपाध्याय प्रदर्शनी एवं सावन मेला मुहल्ला जवाहर रोड स्थित एस0ए0वी0 इण्टर कालेज के मुख्य द्वार के सामने यादव राइस मिल में आगामी 20 जुलाई से संचालित की जायेगी। जिसमें भी झरना के साथ जलपरी, आसमानी, राउडिंग झूला, नन्हें-मुन्हें बच्चों को रिझाने वाले विभिन्न आकर्षक झूले प्रमुख आकर्षण का केन्द्र रहेगें। साथ ही सॉफ्टी, खजला, रेस्टोरेंट में चाट पकौडी सहित विभिन्न व्यंजनों के स्वाद के साथ नगर व क्षेत्रवासी अपनी घर गृहस्थी की आवश्यक वस्तुओं की खरीददारी कर सकेेगें।
बताते चलें कि करीब डेढ माह तक चलने वाले उक्त ग्रामीण श्रावण मेला/प्रदर्शनी को जल्द से जल्द अन्तिम रूप देने के लिए दुकानदार व झूला स्वामी जोर-शोर से अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं। जिसका बच्चे, युवा, महिलायें जमकर लुत्फ उठायेगें।



