गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप करें रिंग रोड का निर्माण कार्य : सरनीत कौर ब्रोका

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने रिंग रोड फेज-02 के निर्माण कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को रिंग रोड फेज-02 के निर्माणाधीन कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय सीमा के अनुरूप कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की, जिसके सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि उक्त परियोजना 04 लेन की परियोजना है, जिसकी कुल लम्बाई लगभग 22 कि०मी० है, कार्य पूर्ण करने की समय सीमा 30 अप्रैल 2027 निर्धारित है, कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 55 प्रतिशत है, परियोजना में 03 आर०ओ०बी० एवं 04 मेजर जंक्शन (लखनऊ रोड, कानपुर रोड, फतेहपुर (डलमऊ) रोड एवं प्रयागराज रोड शामिल है।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि रिंग रोड फेज-02 जनपद की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के साथ-साथ शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, इसलिए कार्य को समयबद्ध पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, अधिशासी अभियंता सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय वरुण वार्षणेय सहित संबंधित अधिकारी व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button