UPTET 2026: परीक्षा में पहली बार बड़ा बदलाव, जानें क्या है नॉर्मलाइजेशन जिससे बदलेगा 20 लाख छात्रों का भाग्य

UPTET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में शामिल होने जा रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए इस बार परीक्षा सिर्फ एक पात्रता टेस्ट नहीं रह गई है, बल्कि आयोग ने इसके मूल्यांकन सिस्टम (Evaluation System) को पूरी तरह बदल दिया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा आयोजित की जा रही इस परीक्षा में पहली बार नॉर्मलाइजेशन (Normalization) की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब परीक्षा में सिर्फ आपके रॉ मार्क्स (मूल प्राप्तांक) ही सब कुछ तय नहीं करेंगे, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि आपकी शिफ्ट का प्रश्नपत्र अन्य शिफ्ट की तुलना में कितना कठिन या आसान था।
आज से शुरू हुई 20 लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा
UPTET 2026 की परीक्षा आज 2 जुलाई से शुरू होकर 3 और 4 जुलाई को उत्तर प्रदेश के अलग अलग शहरों और केंद्रों पर कई शिफ्ट्स में आयोजित की जा रही है। इस बार नवगठित UPESSC इस महापरीक्षा को संपन्न करा रहा है, जिसमें करीबन बीस लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इतने बड़े पैमाने पर बहु-शिफ्ट (Multi-shift) फॉर्मेट में परीक्षा होने के कारण, मूल्यांकन में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग ने नॉर्मलाइजेशन का सहारा लिया है।
क्या है यह नॉर्मलाइजेशन और कैसे काम करेगा?
आसान शब्दों में समझें तो जब कोई भी बड़ी परीक्षा कई दिनों और अलग-अलग शिफ्टों में होती है, तो हर शिफ्ट के प्रश्नपत्र का कठिनाई स्तर (Difficulty Level) बिल्कुल एक जैसा रखना मुमकिन नहीं होता।
सरकार या कंपनी, जानें भारत में गैस सिलेंडर के दामों को तय करने वाला असली ‘मास्टरमाइंड’ कौन
उदाहरण के लिए यदि किसी छात्र की सुबह की शिफ्ट का पेपर कठिन था और दूसरी शिफ्ट का पेपर काफी आसान रहा, तो दोनों शिफ्टों के अंकों की सीधी तुलना करना नाइंसाफी होगी। नॉर्मलाइजेशन इसी अंतर को दूर करने का एक सांख्यिकीय तरीका (Statistical Method) है। ये अलग-अलग शिफ्ट के प्रदर्शन पैटर्न और पेपर के कठिनाई स्तर का विश्लेषण करके फाइनल स्कोर को एडजस्ट करता है, ताकि सभी उम्मीदवारों का मूल्यांकन समान धरातल पर हो सके।
यूपीटीईटी में पहली बार क्यों पड़ी इसकी जरूरत
सूबे में पिछले कुछ वर्षों के दौरान UPTET पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन को लेकर काफी विवाद देखने को मिले थे। इसी वजह से प्रशासन और नवगठित आयोग इस बार पूरी तरह से नियंत्रित और पारदर्शी सिस्टम पर काम कर रहा है। चूंकि अभ्यर्थियों की संख्या करीब 20 लाख है, इसलिए एक ही दिन में परीक्षा कराना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था। UPESSC ने इस बार वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) जैसे आधुनिक नियम भी लागू किए हैं, और इसी कड़ी में बहु-शिफ्ट परीक्षा के कारण नॉर्मलाइजेशन को भी अनिवार्य रूप से जोड़ा गया है।



