ट्रेन की चपेट से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की डाउन रेलवे लाइन पर मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।जानकारी के अनुसार प्वाइंट्समैन पवन कुमार ने थाना जसवन्तनगर पुलिस को मीमो से सूचना दी कि बलरई-जसवंतनगर रेलवे स्टेशन के मध्य डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 1179/18-20 के बीच 18102 टाटा-जम्मूतवी मुरी एक्सप्रेस से एक व्यक्ति टकरा गया है। सूचना मिलते ही कार्यवाहक थानाध्यक्ष ललित चतुर्वेदी ने चौकी प्रभारी धरवार यशवीर सिंह तोमर को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा।
पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान चुन्नीलाल (50) पुत्र रघुनाथ सिंह निवासी ग्राम धरबार के रूप में की। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे वह खेतों की ओर जाते समय रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी मुरी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रीना देवी, पुत्र विकास तथा पुत्री यशी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



