फोन पर विवाद के बाद बीए छात्र को मारी गोली
कार से टक्कर मारकर किया हमला

इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े एक बीए छात्र को कार सवार युवकों ने पहले बाइक में टक्कर मारी और फिर गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल छात्र और उसके साथी को मौके से गुजर रहे ट्रैफिक इंचार्ज संजय यादव व उनकी टीम ने जिला अस्पताल पहुंचाया।
विक्रमपुर निवासी वीर प्रताप चौहान अपने मित्र शिवा के साथ आईटीआई चौराहे के पास फास्ट फूड खाने गया था।
लौटते समय लीला पैलेस होटल के सामने सर्विस रोड पर एक बलेनो कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवकों ने पिस्टल से दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली वीर प्रताप की जांघ में लगी, जबकि दूसरा फायर हवाई किया गया।
घायल छात्र का आरोप है कि घटना से पहले आरोपित फोन पर गाली-गलौज और धमकी दे रहे थे। वह शिकायत करने पुलिस चौकी जा रहा था, तभी रास्ते में हमला कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने गोविंद राजपूत, गोलू यादव, गुलशन यादव समेत दो अज्ञात लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
सूचना पर एएसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी, सीओ सिटी अविनाश सिंह और फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी सिटी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी।



