रक्त दान करने पर पुलिस टीम हुईं सम्मानित

एनीमिया पीड़ित बालिका को रक्त दान करने वाले थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस कर्मी हुए सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। एनीमिया से पीड़ित बालिका के उपचार के लिए रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश करने वाले थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी एवं उनकी टीम को थाना सभागार में सम्मानित किया गया। नगर के प्रबुद्धजनों और समाजसेवियों ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुष्पमाला पहनाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनके इस महादान की सराहना की।

कार्यक्रम में समाजसेवी प्रो0 डॉ. धर्मेंद्र कुमार, राष्ट्रीय सनातन एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत चतुर्वेदी, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष मोहम्मद जहीर कुरैशी, अमन रजौरिया और मोहम्मद निजाम ने थाना प्रभारी कमल भाटी, कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, महिला आरक्षी संगम कुमारी, विनीता शिवहरे, शिवानी, सलौनी, प्रिया और गीता को सम्मानित किया।

वक्ताओं ने कहा कि ग्राम कैस्त निवासी एनीमिया पीड़ित बालिका की मदद कर पुलिस टीम ने समाज के समक्ष सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर थाना प्रभारी कमल भाटी ने कहा कि सुद्रण कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता करना पुलिस का नैतिक दायित्व है और जनसेवा के ऐसे कार्य में पुलिस की सेवा आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button