एनीमिया पीड़ित बालिका की मदद को पुलिस ने बढ़ाए कदम
सोशल मीडिया पर अपील देखते ही थाना प्रभारी ने परिजनों से किया संपर्क,मिशन शक्ति टीम ने की मुलाकात

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम कैस्त निवासी एनीमिया से पीड़ित बालिका शिखा की मदद के लिए जसवंतनगर पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए सहयोग का हाथ बढ़ाया है। सोशल मीडिया पर रक्त की आवश्यकता संबंधी अपील प्रसारित होने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बालिका के पिता सज्जन कुमार से संपर्क किया।
इसके बाद मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस टीम ने शिखा के परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार रक्त उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। पुलिस के इस संवेदनशील और सहयोगात्मक रवैये से परिवार को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने संकट की घड़ी में मिले सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है,बल्कि जरूरतमंद बेटियों और महिलाओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने लोगों से रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस दौरान उपनिरीक्षक शुभम वर्मा,मिशन शक्ति प्रभारी संगम कुमारी, कांस्टेबल अवनीश कुमार तथा समाजसेवी विकास पाठक मौजूद रहे। पुलिस और समाजसेवियों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



