111 बूथों पर पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’
पल्स पोलियो महाअभियान 28 जून से होगा शुरू

जसवंतनगर,इटावा। देश को पोलियो के खतरे से हमेशा दूर रखने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 28 जून से ब्लॉक क्षेत्र में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण महाअभियान शुरू होगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए व्यापक माइक्रो प्लान तैयार कर लिया है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा की खुराक से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन 28 जून को पूरे ब्लॉक क्षेत्र में 111 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इन बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि बूथ दिवस पर छूटे बच्चों को कवर करने के लिए 71 घर-घर टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें अभियान के अगले चरण में गांवों और मोहल्लों में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी तथा किसी भी बच्चे को छूटने नहीं देंगी।
अभियान की प्रभावी निगरानी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 19 टीम सुपरवाइजर और एक ट्रांजिट सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। अभियान में एएनएम, आशा,आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
सीएचसी प्रशासन ने सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान से जुड़कर योगदान देने के इच्छुक स्वयंसेवक सीएचसी पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि “एक भी बच्चा छूटा, सुरक्षा चक्र टूटा”। उन्होंने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है। सभी अभिभावक 28 जून को अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाकर पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलवाएं।
“एक भी बच्चा छूटा,सुरक्षा चक्र टूटा सभी अभिभावक अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को 28 जून को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लाएं और पोलियो की खुराक दिलाएं।”
डॉ.वीरेन्द्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी जसवंतनगर।



