80 किमी/घंटे की रफ्तार से आ रहा है तूफान! दिल्ली में प्री-मानसून की दस्तक, जानें आपने राज्य का हाल

Weather Updates June 2026 IMD Alert: दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार को हल्की बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया। लंबे समय से चल रही गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। कई जगहों पर बादलों की आवाजाही और बारिश पहले ही प्री-मानसून एक्टिविटी का संकेत दे रही है।
मौसम विभाग के अनुसार घने बादलों के कारण कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई है। इसी वजह से दिल्ली के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ समय के लिए यह 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है। हालांकि राहत के बीच चेतावनी भी है कि 18 जून तक तापमान फिर बढ़कर 40 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मानसून की रफ्तार तेज, कई राज्यों में पहुंचा आगे
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों के साथ-साथ तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ नए क्षेत्रों में भी पहुंच चुका है।
मानसून की वर्तमान सीमा हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, रांची और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों से गुजर रही है।
अगले 4 से 5 दिनों में इसके और आगे बढ़ने के हालात अनुकूल बने हुए हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और बिहार के अन्य हिस्सों में भी मानसून तेजी से फैल सकता है।
उत्तर-पूर्व भारत में भारी बारिश का खतरा
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अगले 6 से 7 दिनों तक तेज बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
असम के कोकराझार में पिछले 24 घंटों में करीब 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह बताता है कि कई क्षेत्रों में मौसम काफी सक्रिय है।
उत्तर भारत में आंधी और बारिश के साथ बदलाव
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 से 21 जून के बीच बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। जम्मू-कश्मीर में 18 से 21 जून के बीच व्यापक बारिश की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों पर गरज-चमक और बारिश हो सकती है। दिल्ली में 15 और 16 जून को धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार हैं।
बिहार और पूर्वी भारत में भारी बारिश के दिन तय
बिहार, झारखंड और ओडिशा में पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खास तौर पर बिहार में 16 और 19 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी इस पूरे सप्ताह अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
दक्षिण और मध्य भारत में मिला-जुला मौसम
केरल और माहे में पूरे सप्ताह बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 17 से 21 जून और तमिलनाडु व पुडुचेरी में 16 से 18 जून के बीच भारी बारिश का अनुमान है।
महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी पूरे सप्ताह मौसम बदला रहेगा।
NDA के इतिहास में पहली बार, इस लड़की ने वो कर दिखाया जो आज तक कोई महिला नहीं कर पाई
तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और लू का असर
राजस्थान, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है।
इसके साथ ही मध्य और दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर भी बना रहेगा। तेलंगाना और विदर्भ में अगले 2 से 3 दिनों तक लू चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में राजस्थान के फलोदी में देश का सबसे अधिक तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



