बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक
महिला सशक्तिकरण के तहत सुरक्षा-अधिकारों की दी गई जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर मे महिला सशक्तिकरण के तहत सोमवार को स्थानीय पुलिस विभाग द्वारा क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह कें निर्देशन और थानाध्यक्ष कमल भाटी के संयोजन में ग्राम कैस्त स्थित डॉ.भीमराव अंबेडकर पार्क परिसर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं,किशोरियों और बालिकाओं को उनके अधिकारों,सुरक्षा संबंधी उपायों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, महिला कांस्टेबल विनीता, संगम,शिवानी,गीता, सलोनी और प्रिया सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सम्मेलन में गांव की बड़ी संख्या में महिलाओं, बहुओं, किशोरियों और बालिकाओं ने भाग लिया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए घरेलू हिंसा,छेड़छाड़, साइबर अपराध,बाल विवाह,महिला उत्पीड़न तथा अन्य अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण सहायता नंबरों की जानकारी भी दी।अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं से संवाद कर उनके जिज्ञासु प्रश्नों का समाधान किया। महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने वादा किया कि कानूनन अगर किसी को कोई समस्या आती है तो उसके समाधान के लिए पुलिस विभाग हमेशा तात्पर्य है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं और किशोरियों ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की।



