ट्रेन से गिरकर उन्नाव के मजदूर की मौत
सराय भूपत के पास ट्रेन से गिरे युवक की मौत चार बच्चे पहुंचे दिल्ली

जसवंतनगर,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर सराय भूपत स्टेशन के निकट रेलवे फाटक संख्या-2 के पास एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसे के समय वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ दिल्ली जा रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलने पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अजय (50) पुत्र रतिपाल निवासी राजेपुर उतारी, थाना व जिला उन्नाव के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतक के समधी शिवशंकर निवासी नौधना, बकेवर ने शव की शिनाख्त की। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस का फोन आया था कि सराय भूपत रेलवे गेट नंबर-2 के पास एक व्यक्ति ट्रैक किनारे मिला है।
परिजनों ने बताया कि अजय दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और पत्नी व बच्चों के साथ वहीं रहता था। करीब डेढ़ माह पहले उसके चारों बच्चे अमन, चाहत, आराध्या और सानवी अपनी नानी के घर तिर्वा हरोनी गए थे। बच्चों को लेकर अजय और उसकी पत्नी सावित्री देवी कानपुर से सरस्वती एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।
मृतक के बहनोई देसराज निवासी बलेरा टमाननगर ने बताया कि अजय चलती ट्रेन से गिरा या किसी दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गया, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसे के बाद पत्नी और चारों बच्चे ट्रेन के साथ दिल्ली पहुंच गए, जबकि अजय की मौत की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। घटना से परिजनों में शोक व्याप्त है।



