चैन पुलिंग कर पुनः रोकी गई इंटरसिटी एक्सप्रेस
ट्रेन-स्टेशन पर भारी भीड़ में बच्चों के साथ नहीं उतर सकी महिला

भरथना,इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर आगरा से लखनऊ जा रही 12179 आगरा कैंट-लखनऊ सुपरफास्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार को भरथना स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद चैन पुलिंग के कारण मेन डाउन लाइन पर रुक गई। ट्रेन करीब 10 मिनट तक रेलवे क्रॉसिंग संख्या 20-बी के पास खड़ी रही, जिससे यात्रियों में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस भरथना रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन में आगरा से अपने दो बच्चों के साथ यात्रा कर रही एक महिला को भरथना उतरना था। स्टेशन पर अधिक भीड़ होने के कारण महिला ट्रेन से नहीं उतर सकी, जबकि उसके दोनों बच्चे प्लेटफॉर्म पर उतर गए। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी।
ट्रेन के स्टेशन से निकलने के बाद महिला की नजर बच्चों पर नहीं पड़ी तो वह घबरा गई और शोर मचाने लगी। महिला की बात सुनकर ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तत्काल चैन पुलिंग कर दी। इसके चलते ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग संख्या 20-बी के समीप रुक गई।
सूचना पर रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। बाद में बच्चों को महिला से मिलवाया गया। रेलवे अधिकारियों ने महिला को भविष्य में सावधानी बरतने की हिदायत दी। बच्चों के साथ हुई इस स्थिति को देखते हुए कोई कार्रवाई नहीं की गई। करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को पुनः गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।



