डाकघर की कार्य निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित
अधीक्षक डाकघर पी. सी. तिवारी ने निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता
सुलतानपुर डाक मंडल के अधीक्षक डाकघर पी.सी. तिवारी की अध्यक्षता में 7 जून 2026 दिन रविवार को मंडल के अंतर्गत संचालित 02 प्रधान डाकघरों एवं 48 उप डाकघरों के प्रथम त्रैमास (अप्रैल–जून 2026) के प्रथम दो माह के कार्य निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डाकघरों के विभिन्न परिचालन एवं व्यवसायिक मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से डाक बचत बैंक (पीओएसबी) में नए खाते खोलने, डाक जीवन बीमा (पीएलआई) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, स्पीड पोस्ट एवं पार्सल बुकिंग, डिजिटल सेवा प्रणाली (डीएसएस) के माध्यम से डी पल्स जीरो वितरण, डिजिटल लेन-देन, सीओडी डिजिटल आर्टिकल संग्रहण तथा अन्य राजस्व संवर्धन गतिविधियों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
अपने संबोधन में अधीक्षक डाकघर पी. सी. तिवारी ने सभी पोस्टमास्टरों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा ग्राहक सेवा की गुणवत्ता बनाए रखते हुए व्यवसाय वृद्धि पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक प्रयास करने होंगे। साथ ही आगामी पीएलआई/आरपीएलआई व्यवसाय अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में सहायक अधीक्षक डाकघर (दक्षिण उपमंडल) पी. सी. त्रिपाठी तथा डाक निरीक्षक, मुसाफिरखाना उपमंडल, दीपक मौर्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यवसाय संवर्धन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में मंडल के सभी प्रधान एवं उप डाकघरों के पोस्टमास्टर उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति, व्यवसाय वृद्धि तथा आगामी पीएलआई/आरपीएलआई अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया।



