विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ

सुलतानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज, सुलतानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) की तीनों इकाइयों द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया गया।स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु जनजागरण का संकल्प व्यक्त किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. के. त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सतत दायित्व है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण एवं प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से मानव जीवन के समक्ष गंभीर चुनौतियाँ उत्पन्न हो रही हैं। इन चुनौतियों का समाधान तभी संभव है जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील जीवनशैली को अपनाए। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करें और हरित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति और मानव का संबंध परस्पर पूरक है। पर्यावरण की रक्षा करके ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
अंत में सभी स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने तथा पर्यावरण जागरूकता के प्रसार हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमाधिकारीडॉ प्रभात श्रीवास्तव, डॉ विभा सिंह, डॉ वीरेंद्र गुप्ता महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएँ उपस्थित रहीं।



