बिजली संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा

सप्लाई बाधित से सूखी जायद की फसलें:बिजली फीडर पर हंगामा

जसवंतनगर,इटावा। 33/11 बलरई फीडर से निजी नलकूपों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने से नाराज किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सरकारी आदेशों के अनुसार दस घंटे बिजली सप्लाई के दावों के बावजूद लगातार कटौती और बाधित आपूर्ति से परेशान किसानों ने कछपुरा फीडर पहुंचकर घेराव किया और जमकर हंगामा किया।

इस दौरान किसानों की जेई रघुनाथ से तीखी बहस भी हुई। किसानों का आरोप था कि कई दिनों से कछपुरा फीडर की सप्लाई बाधित चल रही है,जिससे जायद की फसलें सूखने लगी हैं। खेतों में खड़ी उर्द, मूंग और मक्का की फसल पानी के अभाव में खराब होकर गिरने लगी है। किसानों ने कहा कि समय पर सिंचाई न होने से उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है,जबकि बिजली विभाग केवल कागजी दावे कर रहा है।

नगला सलहदी, नगला तौर,घुरा,जाखन, सरामई, कछपुरा सहित आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के एक सैकड़ा से अधिक किसान फीडर पर पहुंच गए। किसानों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की।

घेराव में किसान राहुल, जयसिंह,लव किशोर,अवनीश,अंजू, राजकिशोर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्धारित समय के अनुसार बिजली सप्लाई बहाल नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button