पाइप लाइन फटने से ठप हुई जलापूर्ति
पांच हजार आबादी पेयजल संकट से जूझी

जसवंतनगर,इटावा। नगर पालिका परिषद की जलापूर्ति व्यवस्था उस समय चरमरा गई,जब समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई।
पाइप लाइन फटने से तेज दबाव के साथ पानी के फव्वारे निकलने लगे और कई मोहल्लों की जलापूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी के बीच पानी की सप्लाई बंद होने से हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कटरा खूबचंद, कटरा बुलाकीदास,महलई टोला,कटरा पुख्ता और सरायखाम सहित आसपास के कई मोहल्लों में पेयजल संकट गहरा गया। बताया गया है कि करीब 500 से अधिक घरेलू जल कनेक्शन प्रभावित हुए हैं,जबकि लगभग चार से पांच हजार की आबादी पानी की किल्लत से जूझ रही है। नगर पालिका की टंकी से होने वाली जलापूर्ति पर निर्भर परिवारों के सामने सबसे अधिक परेशानी खड़ी हो गई है।
स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार,संजय,रमेश, रोहित,आकाश,दलवीर और विजय ने बताया कि नलों में पानी नाममात्र पहुंच रहा है। लोगों को पीने के पानी के साथ ही दैनिक उपयोग के लिए भी संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में सुबह से पानी नहीं पहुंचने पर लोगों में नाराजगी देखी गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। जेसीबी मशीन से पाइप लाइन के आसपास खुदाई कर क्षतिग्रस्त हिस्से तक पहुंचने का प्रयास किया गया। हालांकि मौके के पास विद्युत पोल होने से कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
नगर पालिका के जलकल विभाग के सुपरवाइजर विनय सागर ने बताया कि पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य जारी है। विद्युत पोल के कारण करंट का खतरा बना हुआ है, इसलिए बिजली विभाग को सूचना देकर सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द ही पाइप लाइन दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।



