ईंट भरी ट्रॉली पलटने से दुकानदार घायल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारीपुर निवासी केवल सिंह गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। वह परिवार के भरण-पोषण के लिए हथठेले पर दुकान लगाकर राजपुर गांव के पास भोगनीपुर गंग नहर पुल पर सामान बेच रहे थे। इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया।बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित धौरेरा गांव के पास संचालित एक ईंट भट्ठे का ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटें लेकर किसी गांव की ओर जा रहा था।
जैसे ही ट्रैक्टर नहर पुल की ढलान पर पहुंचा, तभी ईंटों से भरी ट्रॉली का पहिया अचानक निकल गया। संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई और पास में बैठे दुकानदार केवल सिंह ईंटों के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ईंटों में दबे केवल सिंह को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर धरवार चौकी पर खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।



