प्रतीक के निधन पर सपा कार्यालय पर शोक सभा
नेता-पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि

जसवंतनगर,इटावा। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार सुबह शोक सभा का आयोजन कर पार्टी संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। शोक सभा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतीक यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान सपा नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि प्रतीक यादव के निधन से उनके परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी परिवार पूरी संवेदना के साथ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। सभा में वक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके जाने से समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
शोक सभा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर सपा नगर महासचिव राशिद सिद्दीकी, विनोद यादव, सांसद प्रतिनिधि समीम खान, सत्यवती यादव, आलोक गैंगल्स, गोपाल गुप्ता, सुनील यादव सहित कई पार्टी पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।



