विद्यालय की बदहाल व्यवस्था: अभिभावकों में रोष

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

जसवन्तनगर,इटावा। विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खदिया की शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई है। वायरल वीडियो में विद्यालय की कई अव्यवस्थाएं उजागर होने का दावा किया जा रहा है, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और विद्यालय प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो और फोटो में विद्यालय समय से न खुलने,बच्चों के स्कूल गेट फांदकर अंदर जाने तथा प्रार्थना सभा में देरी होने जैसे दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय का निर्धारित समय सुबह साढ़े 7 बजे है, लेकिन कई बार प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक साढ़े 8 बजे के बाद पहुंचते हैं। ऐसे में बच्चे लंबे समय तक विद्यालय के बाहर खड़े होकर इंतजार करने को मजबूर रहते हैं।

ग्रामीण शिवराज, सुघर सिंह,सूरज,अर्जुन, बाबा,मोहन,पप्पू और रामदुलारे ने आरोप लगाया कि विद्यालय में शिक्षकों के आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है। उनका कहना है कि कई बार विद्यालय समय से नहीं खुलता, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने विद्यालय में तैनात एक महिला शिक्षक पर नियमित रूप से अनुपस्थित रहने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित शिक्षिका शायद ही कभी विद्यालय आती हैं, लेकिन उपस्थिति दर्ज कर वेतन जारी किया जाता है।

अभिभावकों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास करते हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षकों द्वारा “पैसे देकर मामला संभाल लेने” जैसी बातें कही जाती हैं। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि विद्यालय की व्यवस्था में सुधार हो सके।

इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button