शिवपाल के सामने बटेश्वरी हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी
जसवंतनगर में भाजपा के संभावित दावेदारों की कतार में बटेश्वरी दयाल प्रजापति

जसवंतनगर,इटावा। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। जसवंतनगर विधानसभा सीट पर भाजपा के संभावित प्रत्याशी को लेकर स्थानीय स्तर पर कई नामों की चर्चा शुरू हो गई है। इनमें लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता बटेश्वरी दयाल प्रजापति का नाम भी संभावित दावेदारों की कतार में चर्चा में है।
बटेश्वरी दयाल प्रजापति के अनुसार वह वर्ष 1989 से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। वर्ष 1995 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर जसवंतनगर नगर पालिका का चुनाव लड़ा था। इसके बाद पार्टी संगठन में उन्हें निकाय प्रकोष्ठ में जिला मंत्री और व्यापार प्रकोष्ठ में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी मिली। वह श्रम एवं कर्मचारी कल्याण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तथा भाजपा की क्षेत्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रह चुके हैं।
भाजपा मजदूर महासंघ के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अंजान के कार्यकाल में उन्हें प्रदेश संगठन में मंत्री की जिम्मेदारी मिलने की बात भी वह बताते हैं। लंबे समय तक पार्टी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के कारण स्थानीय भाजपा राजनीति में उनका पुराना संगठनात्मक अनुभव माना जाता है।
राजनीतिक गति विधियों के साथ प्रजापति की सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका रही है। वह अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार संघ के इटावा जिलाध्यक्ष के रूप में करीब 15 वर्षों तक कार्य कर चुके हैं। उस समय औरैया भी इटावा जिले का हिस्सा था। इसके बाद वह अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासंघ में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।
भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा जसवंतनगर में उन्होंने कोषाध्यक्ष और सचिव की जिम्मेदारी निभाई तथा वर्तमान में अध्यक्ष पद पर कार्य कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से भी वह करीब 35 वर्षों से जुड़े होने की बात बताते हैं और वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष हैं। हाल के स्थानीय व्यापारिक कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी दर्ज हुई है।
धार्मिक गति विधियों में भी उनकी लंबे समय से सक्रियता रही है। उनके अनुसार पिछले 34 वर्षों से लगातार भगवती जागरण के आयोजन से जुड़े रहे हैं। सामाजिक,धार्मिक और व्यापारिक गतिविधियों के साथ वह गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करने का भी दावा करते हैं।
स्थानीय राजनीति में उनकी पहचान लंबे भाजपा संगठनात्मक अनुभव, व्यापारी वर्ग से जुड़ाव, सामाजिक गतिविधियों और प्रजापति समाज में सक्रिय भूमिका के रूप में सामने आती है। इन वजहों से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के संभावित चेहरों की चर्चा में उनका नाम भी शामिल किया जा रहा है।
हालांकि भाजपा ने जसवंतनगर विधानसभा सीट के लिए अभी किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। बटेश्वरी दयाल प्रजापति की ओर से भी टिकट दावेदारी को लेकर कोई औपचारिक घोषणा सामने नहीं आई है। ऐसे में उन्हें फिलहाल भाजपा के संभावित दावेदारों में शामिल एक नाम के रूप में देखा जा रहा है।
आने वाले समय में पार्टी संगठन की गतिविधियों और टिकट चयन की प्रक्रिया के साथ तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है। अन्य संभावित दावेदारों की भी जानकारी आपके समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।



