ट्रेन में बुजुर्ग यात्री की तबीयत बिगड़ी

चलती ऊंचाहार ट्रेन से यात्री को भरथना स्टेशन पर स्वास्थ्य टीम एलर्ट मिला इलाज

भरथना,इटावा। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर प्रयागराज से चंडीगढ़ जा रही ट्रेन संख्या 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस में शनिवार रात अचानक एक बुजुर्ग यात्री की तबीयत बिगड़ने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भरथना रेलवे स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों और मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया।

स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया शनिवार रात्रि करीब 10 बजे ट्रेन के कोच नंबर एस-2 में सफर कर रहे बुजुर्ग यात्री कमलेश उपाध्याय की अचानक तबीयत खराब होने की सूचना रेलवे प्रशासन को दी गई। वह अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर ट्रेन को रोका गया,जहां पहले से एम्बुलेंस और रेलवे स्टाफ मौजूद रहा। मेडिकल सहायता के लिए पहुंची टीम ने यात्री की स्थिति की जानकारी ली।

हालांकि जांच के दौरान बुजुर्ग यात्री ने खुद को स्वस्थ बताया और परिवार के सदस्यों ने ट्रेन से उतरने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक स्वास्थ्य की जांच और औपचारिकताएं पूरी कर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

चलती ट्रेन में मेडिकल इमरजेंसी की सूचना से कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। रेलवे प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए रहा।

Related Articles

Back to top button