व्यक्ति के जीवन में मां का स्थान सबसे ऊंचा: मोंटी यादव

चौ.सुघर सिंह पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मदर्स-डे

जसवंतनगर,इटावा। चौ. सुघर सिंह पब्लिक स्कूल में मदर्स-डे का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास,उत्साह एवं भावनात्मक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे मुन्ने बच्चों ने कविता,समूह नृत्य,गीत एवं भाषण प्रस्तुत कर मां के त्याग, ममता और संघर्ष को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा बनाए गए आकर्षक कार्ड एवं संदेश कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे।

विद्यालय परिसर तालियों की गूंज और भावनात्मक पलों से सराबोर नजर आया। संस्थान के निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि “मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है। मां ही बच्चों को संस्कार और सफलता की राह दिखाती है।” माँ ही बच्चों की प्रथम गुरु होती है। स्वधा हॉस्पिटल निदेशक डॉ. अंजली यादव ने कहा कि माँ का प्यार और त्याग ही बच्चे की सबसे बड़ी ताकत होता है। हमें हमेशा अपनी मां का सम्मान करना चाहिए। प्रधानाचार्य फ्रांसिस के ए ने कहा कि मदर्स-डे जैसे आयोजन विद्यार्थियों को पारिवारिक संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस मौके पर इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह,गौरव भदौरिया, मनीष चौधरी एवं गीता यादव सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button