स्व-गणना जागरूकता अभियान तेज

ऑनलाइन प्रक्रिया की दी गई जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। आगामी जनगणना 2027 को लेकर क्षेत्र में स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान तेज कर दिया गया है। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से परिवार की जानकारी भरने की प्रक्रिया समझाई। इस दौरान “कैसे करें स्व-गणना” संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन कर लॉगिन कर सकेंगे। इसके बाद राज्य, जिला और स्थानीय जानकारी भरने के साथ डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा। पंपलेट में मकान और परिवार से जुड़ी सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने की अपील की गई है।

बताया गया कि जानकारी सबमिट होने के बाद नागरिकों को एसई आईडी प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। जब प्रगणक घर पहुंचेगा,तब इसी आईडी के आधार पर दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाएगा।

खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि डिजिटल प्रक्रिया से जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी,सरल और तेज होगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक सहभागिता कर स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

इस दौरान सहायक विकास अधिकारी देवेंद्र सिंह,फुरकान अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button