शौच के लिए उठा 18 साल का युवक, चारपाई में उलझा पैर और चली गई जान

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरेंदी में गुरुवार सुबह चारपाई से उतरते समय पैर उलझने से 18 वर्षीय दिव्यांग युवक मुंह के बल जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन- फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर लेकर पहुंचे,जहां केंद्र अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

पिपरेंदी निवासी मजदूर बलवीर सिंह का 18 वर्षीय पुत्र किंशू करीब 90 प्रतिशत दिव्यांग था। मृतक के चचेरे भाई दीपक ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब चार बजे किंशू सोकर उठा और अपनी मां मीना देवी को आवाज देकर शौचक्रिया के लिए जाने की बात कही। इसके बाद वह चारपाई से नीचे उतरने लगा। इसी दौरान उसका पैर चारपाई में उलझ गया और वह मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ा। सिर समेत शरीर में गंभीर चोट लगने पर परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे,लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दीपक के अनुसार किंशू का बड़ा भाई 20 वर्षीय शनि भी करीब 60 प्रतिशत दिव्यांग है। परिवार में दो बहनें हैं, जिनका विवाह हो चुका है। बलवीर सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद वह दोनों दिव्यांग बेटों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। किंशू की अचानक मौत से मां मीना देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button